चौथी गढ़वाल राइफल्स के कलम सिंह बिष्ट को ओमन में हुई 120 किलोमीटर अल्ट्रा ट्रेल रन में पहला स्थान हासिल करने पर उत्तराखंड के राज्यपाल ने किया सम्मानित

देहरादून : गढ़वाल राइफल्स के नायक कलम सिंह बिष्ट, ने 11 से 13  दिसम्बर 2025  को ओमान में हुई 120 किलोमीटर अल्ट्रा ट्रेल रन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अपने इस शानदार प्रदर्शन से उन्होंने भारतीय सेना, उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों और पूरे देश का नाम रोशन किया है। हाल ही में वे अपने देश लौटे हैं। 

कलम सिंह के वापस देश लौटने पर आज उन्हें इस उपलब्धि के लिए लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर्ड), राज्यपाल, उत्तराखण्ड और मेजर जनरल एम.पी.एस. गिल, जीओसी यूकेएसए और मेजर जनरल एम.एल. असवाल, प्रेसिडेंट यूईएसएल द्वारा सम्मानित किया गया।

कलम सिंह बिष्ट, चौथी गढ़वाल राइफल्स से हैं और वे मूलतः उत्तराखंड में चमोली जिले के मुंडोली गांव के रहने वाले हैं । उन्होंने ओमान में हुई एक बहुत ही मुश्किल प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। यह 120 किलोमीटर की दौड़ ओमान की पहाड़ियों और रेगिस्तान के पथरीले रास्तों पर हुई थी, जिससे उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे का मान बढ़ाया है।

इस प्रतियोगिता में दुनिया  के 68 देशों  के 4600 जाने-माने एथलीटों ने हिस्सा लिया था।

कलम सिंह बिष्ट भारत से अकेले प्रतिभागी थे, और उन्होंने इस कठिन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर, तिरंगे को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनकी इस उपलब्धि पर उत्तराखंड और उनके गृह जनपद चमोली में खुशियां मनाई गई। लोगों ने कहा कि हम सभी के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि कलम सिंह हमारे राज्य के रहने वाले हैं और उन्होंने देश को यह सम्मान दिलाया है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *