चमोली खबर : गौचर में पंखे से लटका मिला युवक का शव

कर्णप्रयाग : जनपद चमोली के नगरपालिका क्षेत्र गौचर में एक युवक के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। यहां वार्ड संख्या 6 में किराये के कमरे में रहने वाले युवक ने कमरे में ही पंखे से फांसी लगा अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग जिला चिकित्सालय भेजा है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर कमरे को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। 

हादसे की जानकारी मिलने पर गौचर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने खिड़की से देखा तो एक व्यक्ति कमरे के भीतर पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया । कमरा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तोडा। कमरे में युवक मफलर के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने युवक को नीचे उतार कर तुरंत 108 एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल गौचर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। 

मृतक की पहचान अंकित गुसाईं (33 वर्ष ) पुत्र सुरेंद्र सिंह गुसाईं निवासी ग्राम खाल कुंज, पोखरी जिला चमोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक गौचर में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहते थे। दोनों पति पत्नी पोस्ट ऑफिस में कार्यरत थे। 

पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *