CBSE EXAM RESULT : लोनी गाजियाबाद की प्रतिभाशाली बेटियों ने 12वीं की परीक्षा में लहराया परचम
गाजियाबाद : लोनी के रामपार्क विस्तार क्षेत्र में उत्तराखंड समाज की प्रतिभाशाली बेटियों ने सीबीएसई के 12वीं कक्षा की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र एवं समाज का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष एवं गर्व का वातावरण बना हुआ है।
कुमारी सिमरन गौसाई, पुत्री श्री कुलदीप सिंह गौसाई एवं सर्वोदय विद्यालय, रामपार्क विस्तार की छात्रा ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
वहीं कुमारी श्रेया बिष्ट, पुत्री श्री रविन्द्र सिंह बिष्ट ने Zennext Public School से सीबीएसई कक्षा 12वीं (Humanities) परीक्षा में 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार एवं समाज का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता मेहनत, लगन एवं श्रेष्ठ संस्कारों का प्रेरणादायी उदाहरण है।
इस अवसर पर उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार लोनी गाजियाबाद (उ.प्र.) के अध्यक्ष श्री जयेंद्र नेगी ने कहा कि समिति क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को निरंतर प्रोत्साहित करने हेतु संकल्पित है। उन्होंने बताया कि शिक्षा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, प्रशासन, खेल एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को समिति द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाएं ही भविष्य के सशक्त भारत की नींव हैं। ऐसे होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित करने से न केवल उनका मनोबल बढ़ता है, बल्कि अन्य बच्चों को भी शिक्षा एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। समिति भविष्य में भी समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
समिति ने दोनों छात्राओं एवं उनके परिवारों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दोनों बेटियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर समाज एवं राष्ट्र का नाम निरंतर रोशन करती रहें।
