IMA PASSING OUT PARADE : भारतीय सेना को मिले 481 ऑफिसर 9 महिला कैडेट ने रचा इतिहास
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : देश की राष्ट्रपति एवं सशस्त्र सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी शनिवार 13 जून को देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में आयोजित 158वें पासिंग आउट परेड (PoP) में मुख्य अतिथि एवं समीक्षा अधिकारी के रूप में शामिल हुईं।
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में पास आउट होने वाले कैडेट्स को भारत माता की रक्षा के लिए कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सैन्य अधिकारी केवल देश की सीमाओं के प्रहरी ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, सम्मान और आकांक्षाओं के भी संरक्षक हैं।
इस वर्ष भारतीय सैन्य अकादमी के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक पड़ाव है, जब पासिंग आउट परेड में 9 महिला कैडेट सफलतापूर्वक पास आउट हुई है। जो महिला-नेतृत्व वाले विकास तथा सशक्त भारत की अवधारणा को नई ऊर्जा प्रदान करता है। इस बार आईएम से कुल 515 जेंटलमैन कैडेट पास आउट होकर सैन्य अफसर बने हैं। इनमें 481 भारतीय कैडेटों के साथ 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट भी शामिल हैं। राष्ट्रपति ने इसे भारत की वैश्विक मित्रता, आपसी विश्वास तथा अंतरराष्ट्रीय रक्षा सहयोग के बढ़ते आयामों का प्रतीक बताया।
तकनिकी प्रगति और नैतिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाने का आह्वान
राष्ट्रपति ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और तकनीकी प्रगति के इस दौर में भारतीय सेना को निरंतर नवाचार, आधुनिकता और अनुकूलनशीलता के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवा अधिकारियों से अग्रिम मोर्चे से नेतृत्व करने, उच्च नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा सैनिकों के कल्याण और सैन्य प्रभावशीलता के बीच संतुलन स्थापित करने का आह्वान किया।
विशाल कुमार को मिला स्वॉर्ड ऑफर ऑनर और गोल्ड मेडल
अकादमी के विशाल कुमार को दो बड़े पुरस्कार स्वॉर्ड ऑफ ऑनर ‘बेस्ट अमंग ऑफिसर CDTS’ के लिए और REG कोर्स में टॉप करने पर गोल्ड मेडल मिला। वहीँ ऑफिसर केडेट प्रिंस राज को REG कोर्स में सेकंड आने पर सिल्वर मेडल मिला। तथा ऑफिसर कैडेट तेजस भट्ट को REG कोर्स में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मिला ब्रॉन्ज मेडल। ऑफिसर कैडेट हृषभ मिश्रा को टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम आने पर TGC सिल्वर मेडल मिला है। स्पेशल कमीशन में बोधराज थापा को गोल्ड मेडल मिला। करन पांडे को TES कोर्स में प्रथम आने पर सिल्वर मेडल मिला। मित्र देशों में बांग्लादेश के कैडेट को मिला बेस्ट कैडेट का पुरस्कार।
ये रहे बेस्ट ऑफिसर कैडेट
- स्वॉर्ड ऑफ आनर एवं गोल्ड मेडल- विशाल कुमार
- सिल्वर मेडल- प्रिंस राज
- ब्रॉन्ज मेडल – तेजस भट्ट
- सिल्वर मेडल (टीजीसी) – हृषभ मिश्रा
- सिल्वर मेडल (टीईएस) – करण पांडेय
- सिल्वर मेडल (एससीओ) – बोधराज थापा
- सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट – जैफ सादिद अल्वी, बांग्लादेश
- चीफ आफ आर्मी स्टाफ बैनर – इंफाल कंपनी
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, भारतीय सैन्य अकादमी के समादेशक लेफ्टिनेंट जनरल नागेन्द्र सिंह सहित सैन्य एवं नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि तथा बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनकर नवप्रशिक्षित अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रपति ने सभी नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

