World Powerlifting Championship in Thailand : उत्तराखंड के चमोली जिले की पावरलिफ्टर मुन्नी देवी ने थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक (Gold Medals) जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे देश और उत्तराखंड राज्य में खुशी की लहर है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुन्नी देवी ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने फुल पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस (Bench Press) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर दोनों प्रतियोगिताओं में अलग-अलग स्वर्ण पदक हासिल किए। बैंकॉक में आयोजित इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में पाकिस्तान, थाईलैंड समेत कुल 18 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें पछाड़कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
मुन्नी देवी उत्तराखंड में चमोली जनपद के पोखरी विकासखंड के किमोठा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों और पहाड़ की कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनकी यह बड़ी उपलब्धि उत्तराखंड की बेटियों के लिए कड़ी मेहनत और संघर्ष की एक बड़ी प्रेरणा बन चुकी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें ढेर सारी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुन्नी देवी का खेल सफर लगातार कड़ी मेहनत और समर्पण का उदाहरण रहा है। वे राष्ट्रिय स्तर पर तीन बार गोल्ड (Gold) मेडल जीत चुकी हैं। इससे पूर्व वह एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी भारत के लिए स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुकी हैं। लगातार शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुन्नी देवी आज उत्तराखंड राज्य की सबसे अग्रणी महिला खिलाड़ियों में शुमार हैं।

