उत्तराखंड : कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने वीरोंखाल को दी ₹448.79 लाख की सौगात, खलधार-ठांगा मार्ग का किया भूमि पूजन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पौड़ी गढ़वाल : उत्तराखंड के लोक निर्माण, पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री तथा स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के अंतर्गत वीरोंखाल विकासखंड में ₹448.79 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजनाओं और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।
खलधार-ठांगा सड़क से सुगम होगा ग्रामीणों का सफर
इस विकास पैकेज के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत ₹404.79 लाख की लागत से बनने वाले खलधार-ठांगा मोटर मार्ग का भूमि पूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि क्षेत्रीय सांसद अनिल बलूनी के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुई यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के आवागमन को सुगम बनाने में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।
पंचायत भवनों का होगा जीर्णोद्धार
ग्रामीण विकास को रफ्तार देने के लिए ₹44 लाख की लागत से डुलमोट, चंदेली, कदोला, तैलीपखोली और जाखणी ग्राम सभाओं में नए पंचायत भवनों के निर्माण व मरम्मत कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
एक और बड़ी सड़क को मंजूरी
कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को खुशखबरी देते हुए बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत ₹14 करोड़ की भारी लागत से बनने वाले 10 किमी लंबे उफरैखाल-भत्पो-बूंगीधार-कमलिया वल्ला मोटर मार्ग को भी वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा कमलिया पल्ला मार्ग के निर्माण में आ रही फॉरेस्ट (वन विभाग) की बाधाओं को जल्द दूर कर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता की सुनीं समस्याएं, कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कार्यक्रम के दौरान सतपाल महाराज ने स्थानीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने आगामी चुनावों और संगठन की मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

