श्रीनगर गढ़वाल में वाहन ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद 3 स्थानीय युवक घायलउत्तराखंड : श्रीनगर गढ़वाल में वाहन ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद 3 स्थानीय युवक घायल 10 राजस्थानी यात्री गिरफ्तार

उत्तराखंड : श्रीनगर गढ़वाल में वाहन ओवरटेक को लेकर हुआ विवाद 3 स्थानीय युवक घायल 10 राजस्थानी यात्री गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड से रोज कोई नया विवाद सामने आ रहा है। अब शुक्रवार 26 जून 2026 को देर रात श्रीनगर गढ़वाल में वाहन ओवरटेक करने को लेकर स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच हिंसक झड़प हो गई जिसमें 3 स्थानीय युवक घायल हो गए। पुलिस ने 10 यात्रियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात श्रीनगर के पौड़ी चुंगी क्षेत्र में राजस्थान से आए यात्रियों और स्थानीय युवकों में वाहन ओवरटेक करने को लेकर कहासुनी शुरू हो गयी। मामला शांत होने के बजाय बढ़ता गया और श्री यंत्र टापू के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया और स्थानीय युवकों पर डंडों, पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक स्थानीय युवक के हाथ पर दांत से काटने का भी आरोप है। इस हिंसक झड़प में तीन स्थानीय युवक घायल हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लेकर कोतवाली की हवालात में बंद कर दिया। साथ ही घटना में घायल हुए युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय युवक श्रीनगर कोतवाली के बाहर जमा हो गए और उन्होंने पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। वहीं शनिवार 27 जून 2026 को घायल श्रीनगर निवासी चिराग बहुगुणा ने कोतवाली में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि वह अपने साथी के साथ बाइक से कीर्तिनगर की ओर जा रहे थे, तभी चुंगी के पास एक कार ने ओवरटेक करते समय उनकी बाइक को टक्कर मारने का प्रयास किया और गली गलौच करने लगे। इसके बाद एक अन्य वाहन में आये इनके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और श्री यंत्र टापू के पास कथित रूप से पत्थरों, डंडों से हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं हैं। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर हिरासत में लिए गए यात्रियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना स्थल के आस-पास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि विवाद की शुरुआत और हमले में किसकी क्या भूमिका थी, इसका सटीक साक्ष्य जुटाया जा सके।

हाल ही में उत्तराखंड के अन्य पहाड़ी क्षेत्रों जैसे कर्णप्रयाग और नगरासू में पर्यटकों के साथ हुए विवादों को देखते हुए पौड़ी गढ़वाल पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों दोनों से ही संयम बरतने की अपील की है।

You missed