उत्तराखंड की बेटी सिमरन गौसाई को सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल ने किया सम्मानित

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लोनी गाज़ियाबाद : उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार, लोनी (गाज़ियाबाद) के लिए यह अत्यंत हर्ष, गौरव एवं आत्मीय गर्व का विषय है कि समिति की कार्यकारिणी के सम्मानित सदस्य श्री कुलदीप सिंह गौसाई की सुपुत्री एवं उत्तराखंड की प्रतिभाशाली बेटी कु. सिमरन गौसाई ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 12वीं की परीक्षा में 95% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखंड, रामपार्क विस्तार एवं उत्तराखंड प्रवासी समाज का नाम गौरवान्वित किया है।
कु. सिमरन गौसाई की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर चाँदनी चौक, दिल्ली के माननीय सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री (CAIT) श्री प्रवीण खंडेलवाल ने नई दिल्ली में आयोजित पेपर मर्चेंट्स एसोसिएशन (रजि.) के “पीएमए छात्र प्रोत्साहन पुरस्कार एवं कंप्यूटर टैब वितरण समारोह–2026” में उन्हें कंप्यूटर टैब, प्रशस्ति-पत्र एवं स्टूडेंट मोटिवेशन अवॉर्ड–2026 प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर माननीय सांसद ने कहा कि देश का भविष्य मेधावी एवं संस्कारवान विद्यार्थियों के हाथों में सुरक्षित है तथा ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज का नैतिक दायित्व है।


उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति के अध्यक्ष श्री जयेंद्र नेगी ने कु. सिमरन गौसाई एवं उनके माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि “सिमरन गौसाई की यह सफलता केवल एक छात्रा की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि सम्पूर्ण उत्तराखंड प्रवासी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन यह संदेश देता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम ईमानदार हो, तो सफलता अवश्य मिलती है। हमें अपनी इस होनहार बेटी पर गर्व है।”

श्री नेगी ने आगे कहा कि उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति प्रारंभ से ही शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है तथा भविष्य में भी मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करती रहेगी, ताकि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का निर्माण हो।


उल्लेखनीय है कि कु. सिमरन गौसाई को इससे पूर्व भी उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए दैनिक जागरण तथा उत्तरांचल सांस्कृतिक भ्रातृ समिति, रामपार्क विस्तार, लोनी (गाज़ियाबाद) द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में सम्मानित किया जा चुका है। लगातार मिल रहे सम्मान उनकी प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्टता का प्रमाण हैं।
समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कु. सिमरन गौसाई को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए माँ ज्वालपा देवी एवं भगवान श्री खैरालिंग महादेव से प्रार्थना की कि उनका जीवन सदैव उज्ज्वल, उन्नतिशील, प्रगतिशील, यशस्वी, ज्ञानमय, संस्कारवान, स्वस्थ, समृद्ध, दीर्घायु एवं उल्लेखनीय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहे। वे शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन अथवा जिस भी क्षेत्र में अपना भविष्य चुनें, वहाँ उत्कृष्टता के नए कीर्तिमान स्थापित करें तथा अपने परिवार, समाज, उत्तराखंड और राष्ट्र का नाम निरंतर गौरवान्वित करती रहें।