श्रीनगर गढ़वाल नगर निगम: महापौर आरती भंडारी और 10 पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन, 2027 चुनाव से पहले विपक्ष को बड़ा झटका
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : श्रीनगर गढ़वाल नगर निगम की प्रथम महापौर आरती भंडारी, उनके पति व वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी और नगर निगम के 10 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। देहरादून में आयोजित एक विशेष राजनीतिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले हुए इस बड़े उलटफेर को श्रीनगर की स्थानीय राजनीति में भाजपा के लिए एक बड़ी बढ़त और विपक्ष के लिए करारा झटका माना जा रहा है।
डेढ़ साल बाद महापौर की ‘घर वापसी’
महापौर आरती भंडारी क्षेत्र की एक कद्दावर नेता हैं। वह पूर्व में जिला पंचायत सदस्य और खिर्सू की ब्लॉक प्रमुख जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। वर्ष 2025 के नगर निकाय चुनाव में टिकट न मिलने पर उन्होंने भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था और भाजपा प्रत्याशी आशा उपाध्याय को 1,639 मतों से हराकर इतिहास रचा था। करीब डेढ़ वर्ष बाद अब उनकी भाजपा में सम्मानजनक ‘घर वापसी’ हुई है। उनके पति लखपत सिंह भंडारी भी क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी हैं और पूर्व में जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों ने बदला पाला
महापौर के नेतृत्व में भाजपा में शामिल होने वाले 10 पार्षदों में 2 कांग्रेस के टिकट पर जीते थे, जबकि शेष 8 निर्दलीय हैं। इसके बाद श्रीनगर नगर निगम में विपक्ष पूरी तरह नेतृत्व विहीन हो गया है। पार्टी में शामिल होने वाले पार्षदों की सूची इस प्रकार है:
- अनुराग चौहान (कांग्रेस)
- राजकुमार (कांग्रेस)
- विजय चमोली ‘सोनू’ (निर्दलीय)
- मीना भारती (निर्दलीय)
- भावना चौहान (निर्दलीय)
- अंजनी भंडारी (निर्दलीय)
- आशीष नेगी (निर्दलीय)
- नरेंद्र सिंह रावत (निर्दलीय)
- धर्म सिंह रावत (निर्दलीय)
- प्रवेश चमोली (निर्दलीय)
विकास और विचारधारा के लिए समर्पित: आरती भंडारी
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद महापौर आरती भंडारी ने कहा, “भाजपा की विचारधारा मेरे लिए नई नहीं है, मैं पहले भी इस परिवार का हिस्सा रही हूँ। आज अपने साथियों के साथ वापस आकर मुझे बेहद गर्व महसूस हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर में विकास कार्यों को लगातार गति मिली है। हमारा एकमात्र उद्देश्य सरकार और संगठन के समन्वय से श्रीनगर को एक आदर्श और विकसित नगर बनाना है।”
राष्ट्रवादी सोच से मिलेगी क्षेत्र को मजबूती: लखपत भंडारी
वरिष्ठ समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने कहा, “हम भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, विकासपरक सोच और जनसेवा के संकल्प से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। अब पार्षदों के साथ मिलकर हम अधिक मजबूती से जनता के बीच काम करेंगे। हमारा संकल्प श्रीनगर और पूरे गढ़वाल क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवाओं को नए अवसर देना, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाना और सनातन संस्कृति का संरक्षण करना है।”
मुख्यमंत्र पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि इनके आने से संगठन को जमीनी स्तर पर अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी और श्रीनगर में विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी।

