देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान एनआईएम (NIM) उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इन सफल अभियानों में जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS) पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से आयोजित माउंट एकांकागुआ अभियान भी विशेष रूप से शामिल था।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दिखाया अद्भुत साहस
सफल अभियान दल के पर्वतारोहियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके जज्बे को सलाम किया। उन्होंने कहा कि अत्यधिक चुनौतीपूर्ण और कठिन उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में हमारे पर्वतारोहियों ने जिस साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना का प्रदर्शन किया है, वह बेहद सराहनीय है। सीएम ने विश्वास जताया कि पर्वतारोहियों की ये ऐतिहासिक उपलब्धियां उत्तराखण्ड के साथ-साथ पूरे देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करेंगी।
युवा विकास और साहसिक खेलों में NIM की बड़ी पहचान
संस्थान की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान एनआईएम (NIM) ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में एक महत्वपूर्ण और विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने आगे कहा कि संस्थान द्वारा युवाओं को न केवल पर्वतारोहण एवं साहसिक गतिविधियों के लिए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, बल्कि उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करने की अद्भुत क्षमता भी विकसित की जा रही है।
माउंट एकांकागुआ (6,961 मीटर), अर्जेंटीना के लिए एनआईएम NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफल आरोहण किया। इस संयुक्त अभियान को रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को माउंट कुन की 7,077 मीटर ऊंची चोटी पर सफल आरोहण किया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हासिल की गई यह उपलब्धि अभियान दल के लिए विशेष रही। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए दल ने 26 अगस्त 2026 को माउंट डेल्टा-41 की 5,908 मीटर ऊंची चोटी तथा 31 अगस्त 2026 को माउंट नुन की 7,135 मीटर ऊंची चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस प्रकार अभियान दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण की उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की.
इस अवसर पर खेल से जुड़े बड़े अधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
इस गरिमामयी अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS, पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित सफल पर्वतारोहण अभियानों से जुड़े दल के सदस्य, एनआईएम के अधिकारी और खेल विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

