थराली : शनिवार को उपजिलाधिकारी थराली पंकज भट्ट की अध्यक्षता में ग्वालदम में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समग्र विकास समिति ग्वालदम मे संचालित नशा मुक्ति केंद्र में अनियमितताएं पाई गई। जांच में सामने आया कि केंद्र को फर्जी तरीके से चलाया जा रहा है। मौके पर समिति द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। समग्र विकास समिति द्वारा नशा मुक्ति केंद्र पर 15 सदस्यों का रजिस्ट्रेशन दिखाया गया है, लेकिन नर्स, डॉक्टर, योग इंस्ट्रक्टर सहित सभी की डिग्रीयां फर्जी पाई गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डाक्टर की जो डिग्री दिखाई गई वह आंध्र प्रदेश में रजिस्ट्रर्ड है, लेकिन उसे एडिट करके मनोज भट्ट के नाम से दिखाया गया है। इसके आधार पर ग्वालदम में बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से मेडिकल स्टोर चलाया जा रहा था और कोई स्टॉक मेंटेन नहीं किया गया था।
नशा मुक्ति केंद्र नाम से संचालित केंद्र के ओपीडी कक्ष में आवश्यक उपकरण स्पेगनोमीटर, वेविंग मशीन व अन्य उपकरण खराब पाए गए तथा अधिकांश दवाएं एक्सपायरी डेट की पाई गई। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी भी खराब अवस्था में पाए गए।
उप जिलाधिकारी ने कहा नशा मुक्ति केंद्र के द्वारा लापरवाही बरतने और मेडिकल नियमों का उल्लंघन करने के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक थराली के प्रतिनिधि डॉ आशीष नौटियाल, डॉ हेमचंद्र बिष्ट, बी ०सी० एम० सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली राजेंद्र सिंह, सहायक समाज कल्याण अधिकारी थराली एवं राजस्व उप निरीक्षक ग्वालदम समिति के मैनेजर बलवीर सिंह गाड़िया भी उपस्थित रहे।
