मां नंदा की बड़ी जात 2026: 5 सितंबर से शुरू होगी ऐतिहासिक यात्रा 484 गांवों के श्रद्धालु होंगे शामिल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोपेश्वर : उत्तराखंड की लोक संस्कृति और अगाध आस्था का प्रतीक मां नंदा की ‘बड़ी जात’ इस वर्ष 5 सितंबर से 30 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। चमोली जिले के सिद्धपीठ कुरुड़ से शुरू होने वाली इस ऐतिहासिक और दिव्य यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए बड़ी जात आयोजन समिति ने कमर कस ली है। कुरुड़ स्थित मां नंदा के मुख्य मंदिर में रंग-रोगन और मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन और पीएमओ से पुख्ता व्यवस्था की मांग
बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत (सेनि.) ने बताया कि इस बार यात्रा में जनपद के 484 गांवों के हजारों श्रद्धालु अपनी आराध्य देवी के दर्शन के लिए शामिल होंगे। यात्रा के दौरान मां नंदा की डोली कुरुड़ से प्रस्थान करेगी। समिति ने जिला प्रशासन, राज्य शासन और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के प्रतिनिधियों से इस महापर्व में शामिल होने का आग्रह किया है, साथ ही केंद्र और राज्य स्तर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन, पड़ाव समितियां गठित
यात्रा मार्ग के दुर्गम और निर्जन पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर समिति बेहद गंभीर है। पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी (DM) को एक ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि निर्जन पड़ावों के रास्तों का सुधारीकरण तुरंत किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अध्यक्ष कर्नल रावत ने बताया कि यात्रा सुचारू रूप से चले, इसके लिए सभी विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय स्तर पर उप-समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
धार्मिक आस्था के महापर्व पर न हो राजनीति
गोपेश्वर में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि मां नंदा की बड़ी जात पूरी तरह से धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का केंद्र है, इसलिए इस पावन आयोजन को किसी भी तरह से राजनीतिक विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान कुरुड़ मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला, बड़ी जात समिति के सचिव अशोक गौड़, संदीप पंवार, रणजीत सिंह नेगी, महेंद्र सिंह राणा, बल्लभ प्रसाद थपलियाल, वीरेंद्र सिंह रावत, महावीर सिंह पंवार और गोविंद सिंह बजवाल सहित कई गणमान्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

