जंतर-मंतर लाठीचार्ज का विरोध : कर्णप्रयाग में लोगों ने मशाल जुलूस निकालकर जताया आक्रोश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कर्णप्रयाग : दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक मामले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को कर्णप्रयाग में जबरदस्त जनाक्रोश देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय व्यापारियों ने संयुक्त रूप से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक विशाल मशाल जुलूस निकाला।
यह जुलूस कर्ण मंदिर से शुरू होकर मुख्य बाजार तक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आंदोलनकारियों ने नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग की।
मुख्य बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय नेताओं और वक्ताओं ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले युवा जब अपने हक और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे थे, तो सरकार के इशारे पर उन पर लाठियां बरसाई गईं, जो बेहद निंदनीय है। वक्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि आखिर कब तक आम जनता पेपर लीक जैसी घटनाओं से अपने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होते देखती रहेगी।

