उत्तराखंड : बेतालघाट की जनसमस्याओं को लेकर भूख हड़ताल मिल रहा अपार जन समर्थन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेतालघाट : नैनीताल क्षेत्र की चार सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजू बोहरा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बुधवार से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर पूर्व में प्रशासन को अवगत कराया गया था तथा उपजिलाधिकारी कैंची धाम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मांगों के समाधान हेतु 15 दिन का समय भी दिया गया था। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब अथवा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते ग्रामीणों को आंदोलन का मार्ग अपनाने के लिए विवश होना पड़ा।
आंदोलनकारियों की प्रमुख मांगें हैं
बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थापना एवं रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती।
कोटाधारिया क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए।
आमगड़ी–भण्डारपानी–डॉन परेवा तल्ली–सेठी–बेतालघाट मोटर मार्ग का हॉटमिक्स किया जाए।
क्षेत्र की अन्य लंबित मूलभूत जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
आंदोलन को क्षेत्रभर से व्यापक समर्थन मिलने लगा है। सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, जनप्रतिनिधि तथा मातृशक्ति खुलकर आंदोलनकारियों के साथ खड़ी नजर आ रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र हालसी ने भी आंदोलन को पहले दिन से अपना समर्थन देते हुए क्षेत्रवासियों से जनहित के इस संघर्ष में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन आंदोलनकारियों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेते हैं, तो वह स्वयं भी आगामी शनिवार से आंदोलन स्थल पर अनशन में शामिल होंगे।
आंदोलन को पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्ना नेगी, ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी, अतुल भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र रावत, विक्की बोहरा, शेखर फुलारा सहित क्षेत्र की मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों का समर्थन प्राप्त हो रहा है।
क्षेत्रवासियों ने सरकार एवं प्रशासन से जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर आंदोलन का सकारात्मक समाधान निकालने की मांग की है।

