देहरादून के डोईवाला में जंगली हाथी के हमले में महिला की मौतउत्तराखंड : देहरादून में हठी के हमले में महिला की मौत ग्रामीणों ने घेरा प्रशासन , सौर ऊर्जा बाड़ की उठी मांग

उत्तराखंड : देहरादून में हाथी के हमले में महिला की मौत ग्रामीणों ने घेरा प्रशासन , सौर ऊर्जा बाड़ की उठी मांग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

डोईवाला (देहरादून): थानों क्षेत्र के धन्याड़ी गांव के पास सोमवार शाम जंगली हाथी के हमले में एक 37 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

जंगल से निकलकर हाथी ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम धन्याड़ी गांव के पास जंगल से अचानक एक हाथी निकलकर सड़क पर आ गया। हाथी ने वहां मौजूद अंजली गुप्ता (37 वर्ष) पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें अपनी सूंड से उठाकर सड़क पर पटक दिया। अंजली की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। भारी संख्या में लोगों को आता देख हाथी महिला को छोड़कर वापस जंगल की ओर भाग गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हाथी के हमले में अंजली की कई पसलियां टूट गई थीं और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ी थीं। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए उन्हें देहरादून के सीएमआई (CMI) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालांकि, गंभीर हालत के कारण देर रात अंजली ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

विधायक और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही देर रात डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार धीरेंद्र पंवार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश, सोलर फेंसिंग की मांग

इस घटना से स्थानीय निवासियों में प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि थानों क्षेत्र के रिहायशी इलाकों में हाथियों की आवाजाही लंबे समय से बनी हुई है। आबादी वाले इलाकों में हाथियों को रोकने के लिए ग्रामीण लगातार सोलर फेंसिंग (सौर ऊर्जा बाड़) लगाने की मांग कर रहे हैं। इसी साल जनवरी में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में भी यह मांग उठाई गई थी, लेकिन वन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

वन विभाग बढ़ाएगा गश्त, मिलेगा मुआवजा

मामले पर वन विभाग के रेंजर एनएल डोभाल ने बताया कि घटना जंगल से बिल्कुल सटे क्षेत्र में हुई है। वन विभाग की टीम मौके और अस्पताल में मुस्तैद है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा और अन्य सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।