दुःखद खबर : टिहरी के लंबगांव में गहरी खाई में गिरने से डंपर हुआ दुर्घटनाग्रस्त दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत


नई टिहरी : जनपद के लंबगांव क्षेत्र के ग्राम क्यारी के पास चारगांव रोड पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक डंपर अनियंत्रित होकर सौ मीटर गहरी खाई जा गिरा जिसमें चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई।  

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार डंपर माजफ से माल खाली कर लौट रहा था। तभी क्यारी गांव के ऊपर मंदिर के पास चढ़ाई चढ़ते समय वाहन का ब्रेक फेल हो गया और डंपर अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। नगर पंचायत अध्यक्ष लंबगांव रोशन रांगड़ ने डंपर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पुलिस को दी। 

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपनी टीम और आपदा रहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक डंपर करीब सौ मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है और पास ही व्यक्ति घायल पड़े हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू कर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि डंपर संख्या UK09CA0639 को सूरज राठौड़ (44), निवासी बहराइच (यूपी) चला रहा था। उसके साथ गजेन्द्र सिंह रांगड़ (36) पुत्र स्व. धन सिंह रांगड़, निवासी ग्राम रौणिया भी सवार था। डंपर लंबगांव निवासी अभिषेक राणा का था।