गढ़वाल भवन दिल्ली




नई दिल्ली :
गढ़वाल हितैषिणी सभा (पंजी.) दिल्ली अपने शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए उत्तराखंड की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहरों से संबंधित कार्यक्रमों से लोगों को उससे जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। इसी क्रम में वो गढ़वाल भवन, पंचकुइया रोड दिल्ली में पहाड़ की संस्कृति में रची बसी प्रभु श्री राम की लीला का मंचन सोमवार 2 जनवरी से 12 जनवरी 2023 तक कराने जा रही है। 


गढ़वाल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में सभा के अध्यक्ष अजय बिष्ट ने बताया कि हम शताब्दी वर्ष के शुभारंभ में प्रभु राम से जुडी लीलाओं का मंचन करने जा रहे हैं जिसे केदार बद्री मानव श्रम समिति की महिला कलाकारों द्वारा अभिनीत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि रामलीला का मंचन शाम  4 बजे से 7.30 बजे तक किया जायेगा। इस दौरान प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक योगा भी कराया जाएगा। 





बिष्ट जी ने बताया कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने रामलीला मंचन में अपनी उपस्थिति के लिए सभा को स्वीकृति दे दी है। साथ ही अनेक राजनेताओं, प्रशासनिक सेवा के अधिकारीयों व समाज के गणमान्य व्यक्तियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि हम शताब्दी वर्ष में महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं साथ ही उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। 





पत्रकारों से मुखातिब हो अजय बिष्ट जी ने समस्त उत्तराखंड समाज से सपरिवार प्रभु राम की लीला को देखने का सार्वजनिक आह्वान किया।
आज की प्रेस वार्ता में सभा के उप-कोषाध्यक्ष अनिल पंत व् कार्यकारिणी सदस्य आजाद नेगी, जोत सिंह भंडारी, धीरेन्द्र रावत के अलावा समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *