देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय दौरे पर आज देहरादून पहुँचने पर राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि०) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका अभिवादन किया। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। उनके आगमन पर सुरक्षा के चाकचौबंद प्रबंध किये गए हैं। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति यहां नौ परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगी।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से जीटीसी हेलीपैड पहुंचकर वे राजभवन के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि शाम साढ़े छह बजे उनका मुख्यमंत्री आवास पर आगमन होगा। यहां सीएम धामी उनका स्वागत करेंगे और उनके नागरिक अभिनंदन के साथ ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। इस दौरान विकास से संबंधित एक डाक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। राष्ट्रपति मुर्मू सभा में उपस्थित अतिथियों को संबोधित भी करेंगी। आज उनका रात्रि विश्राम राजभवन में होगा।
कल शुक्रवार को राष्ट्रपति राजभवन में नक्षत्र वाटिका का शुभारंभ करने के साथ ही मसूरी स्थित लाल बहादुर राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद शाम चार बजे वह दून विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। जिसके बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, सौरभ बहुगुणा, मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधू, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, कमिश्नर गढ़वाल सुशील कुमार, जिलाधिकारी देहरादून तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी राष्ट्रपति का अभिवादन किया।