Festival Season : दीपावली के अब कुछ ही दिन शेष हैं इसके लिए आप छुट्टियां मनाने उत्तराखंड में अपने घर जा रहे हैं या वहां आ रहे हैं तो आज ही ट्रेन या बस का रिजर्वेशन करा लें। यदि आपने सीट बुक नहीं कराई है तो आपको परेशानी उठानी पड़ सकती है। क्योंकि दीपावली पर चार पांच छुट्टियों को देखते हुए ट्रेनों में रिजर्वेशन की वेटिंग लगभग 300 के पार पहुंच गई है और बसों में आनलाइन टिकट बुकिंग भी करीब करीब फुल हो चुकी है। ऐसे में ट्रेनों की जनरल बोगी व बसों की साधारण सेवा पर पूरा लोड रहेगा।
उत्तराखंड परिवहन निगम ने दीपावली के अवसर पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए 200 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी कर ली है। निगम का मानना है कि दीपावली रविवार 12 नवंबर को है ऐसे में शुक्रवार 10 अक्टूबर से घर जाने वालों की भीड़ बढ़ जाएगी।
असल में दीपावली से एक दिन पहले महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण सभी सरकारी कार्यालयों व अधिकांश शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। फिर 12 नंबवर रविवार को दीपावली है फिर उसके बाद गोवर्धन पूजा, भैया दूज समेत तीन दिन अवकाश है। जिसे देखते हुए अपने घर जाने वालों ने कई महीने पहले ही ट्रेनों का रिजर्वेशन करा लिया था। वहीं उत्तराखंड परिवहन निगम की सुपर डीलक्स, वाल्वो, एसी बसों के टिकट भी आनलाइन बुक हो चुके हैं। लोगों को कोई असुविधा न हो इसके लिए परिवहन निगम ने लंबी दूरी की अन्य साधारण बसों के टिकट भी आनलाइन बुक करने शुरू कर दिए हैं।