कैलाश गहतोड़ी





देहरादून
 : वन विकास निगम के अध्यक्ष व सीएम धामी के लिए सीट छोड़ने वाले चम्पावत के पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी का निधन हो गया। वे लम्बे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका ईलाज अमेरिका के एक अस्पताल से चल रहा था । इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनसे मिलने उनके आवास काशीपुर गए थे और उन्हें एयरलिफ्ट कराकर देहरादून के उनके शासकीय आवास में शिफ्ट करवाया था। कैलाश गहतोड़ी ने इसी आवास में जीवन की अंतिम सांस ली। वो अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी और पत्नी को छोड़ गए । उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा, उनके गृहक्षेत्र चम्पावत जिले और पूरे प्रदेश में शोक की लहर है । 

उनके निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई  कैलाश गहतोड़ी जी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। में इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूँ। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणादाई है।

सीएम धामी ने कहा राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपका सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन हो रहा है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चम्पावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे।

ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *