देहरादून की सांग नदी के किनारे संदिग्ध हालत में मिला युवक का शव स्वजनों ने जताई हत्या की आशंका





देहरादून :
नेहरू कालोनी क्षेत्र के मालदेवता में सांग नदी के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। मृतक की मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं पाया गया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नदी में डूबने से हुई है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। 

जानकारी  के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि मालदेवता में सांग नदी की तरफ से आने वाली नहर में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और मृतक के शव को एंबुलेंस के माध्यम से मोर्चरी पहुँचाया। कुछ समय बाद मृतक के स्वजन अस्पताल पहुंचे, उन्होंने मृतक की शिनाख्त शशांक गैरोला 29 वर्ष पुत्र अनिल गैरोला निवासी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मार्ग, अजबपुरकलां के रूप में की । 

पुलिस जांच में पता चला कि शशांक घर का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। शशांक के पिता जल संस्थान से सेवानिवृत्त हुए थे। युवक मंगलवार शाम चार बजे घर से अजबपुरकलां स्थित आयरन जिम पहुंचा। जिम के बाद वह रात साढ़े आठ बजे बाहर निकला। इसके बाद स्कूटी से चला गया। रात को जब वह घर नहीं पहुंचा तो स्वजन इधर-उधर तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। स्वजनों को लगा कि हो सकता है कि वह रात किसी दोस्त के घर रह गया हो।




सीओ रायपुर अभिनव चौधरी के अनुसार शशांक के मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उसमें घंटी तो जा रही है, लेकिन मोबाइल का अब तक पता नहीं लग पाया है।  मोबाइल फोन बरामद होने के बाद ही पुलिस मामले की पूरी तरह से गुत्थी सुलझा सकती है। 

मृतक के स्वजनों की ओर से पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने आसपास भी मोबाइल ढूंढने की कोशिश की लेकिन मोबाइल का पता नहीं लग पाया है। उन्होंने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है, इसके अलावा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। कॉल डिटेल रिपोर्ट आने के बाद पता चला सकेगा कि शशांक की अंतिम बार किससे बात हुई है।

पुलिस को पता चला है कि मृतक प्रतियोगी परीक्षा के साथ साथ कुछ समय से प्रॉपर्टी का काम भी  कर रहा था। उसने किसी प्रॉपर्टी डीलर के साथ मिलकर कुछ प्लॉटिंग भी की है। मृतक की स्कूटी भी घटना स्थल के निकट ही  मिली है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *