उत्तराखंड की भागीरथी बिष्ट और मान सिंह ने नई दिल्ली मैराथन दौड़ में पहला स्थान प्राप्त कर बढ़ाया प्रदेश का मान


नई दिल्ली : रविवार को दिल्ली के नेहरू स्टेडियम में आयोजित नई दिल्ली मैराथन दौड़ में उत्तराखंड की भागीरथी बिष्ट और मान सिंह ने महिला और पुरुष वर्ग में पहला स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया । चमोली की भागीरथी बिष्ट ने 2 घंटे 48 मिनट 59 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि पिथौरागढ़ के मान सिंह ने पुरुष वर्ग में दो घंटे 15 मिनट और 24 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

महिला वर्ग में चमोली जिले की देवाल ब्लॉक के दूरस्थ गांव वाण की भागीरथी बिष्ट ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि 2 घंटे 49 मिनट 16 सेकंड के साथ कोर भरतजी ने दूसरा और 2 घंटे 50 मिनट 48 सेकंड के साथ अश्विनी जाधव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मैराथन दौड़ जीतने पर भागीरथी ने दो लाख रुपए की धनराशि भी ईनाम के रूप में जीती। भागीरथी की इस कामयाबी से राष्ट्र स्तर पर प्रदेश के साथ-साथ जिले और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। 23 वर्षीय भागीरथी की इस उपलब्धि पर जिला चमोली समेत देवाल क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। इस चैंपियनशिप को जीतने के बाद भागीरथी की आगामी एशियन गेम्स में क्वालीफाई होने की राह भी आसान हो गई है।




चमोली जिले के विकासखंड देवाल के वाण गांव की भागीरथी ने संघर्ष और संसाधनों के आभाव में दौड़ की शुरुआत की थी । वे अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटी है। तीन वर्ष की आयु में भागीरथी के पिता की असमय मृत्यु हो गई थी। उनके बड़े भाई मनोज बिष्ट ने बताया कि भागीरथी पढ़ाई के साथ-साथ अपने भाई बहनों के साथ मिलकर घर का सारा काम करती थी। यहां तक कि भाइयों की अनुपस्थिति में अपने खेतों में हल भी खुद ही लगाया करती थी। भागीरथी का एक ही सपना है कि एक दिन ओलिंपिक खेलों में जाकर राष्ट्र के लिए मैराथन में गोल्ड मैडल जीतकर देश का नाम रोशन करे ।इसके लिए वह लगातार कड़ी मेहनत कर रही है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *