चमोली खबर : शिक्षक ने 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा से की छेड़छाड़ पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के-तहत किया गिरफ्तार




गोपेश्वर :
  विद्यालय को मंदिर कहा जाता है और शिक्षक को उसका पुजारी। लेकिन शिक्षा के एक पुजारी ने विद्यालय रुपी मंदिर में शर्मनाक हरकत से मानवता को शर्मसार कर दिया। ये शिक्षक गोपेश्वर के एक नामी प्राइवेट स्कूल में कार्यरत है। उस पर उसी स्कूल की एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। लड़की के परिजनों ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।   

जानकारी के मुताबिक नामी प्राइवेट स्कूल के शिक्षक देवेंद्र चंद्रवाल (52 वर्ष ) ने अपने ही स्कूल की  11 वर्षीय छात्रा से छेड़खानी कर दी। छात्रा ने उसकी इस हरकत की जानकारी अपने परिजनों को दी। छात्रा के पिता ने  7 अप्रैल 2025 को अपनी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़खानी, गलत तरीके से छूने और गन्दी बातें करने के संबंध में शिक्षक देवेंद्र चंद्रवाल के खिलाफ गोपेश्वर थाने में एक लिखित तहरीर दी। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया। मामला नाबालिग से जुड़ा होने की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया को अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए। 

थानाध्यक्ष ने टीम गठित कर त्वरित कार्यवाही करते हुए नामजद अभियुक्त देवेंद्र चंद्रवाल को कल शाम को गोपेश्वर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *