चारधाम यात्रा: आगामी चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए जनपद चमोली में हुआ मॉक ड्रिल का आयोजन


गोपेश्वर : आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण ने राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण भारत सरकार के सहयोग से 24 अप्रैल 2025 को एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें जनपद पुलिस, जिला प्रशासन और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

यह मॉक ड्रिल आगामी चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्राकृतिक या मानव निर्मित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने की पूर्व तैयारियों को जांचने और सभी संबंधित कर्मियों की कार्यक्षमता को विकसित करने पर केंद्रित थी।

चारधाम यात्रा बहुत महत्वपूर्ण धार्मिक और पर्यटन गतिविधि है। हर साल लाखों श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों के दर्शनार्थ आते हैं। ऐसे में, उनकी सुरक्षित यात्रा और सकुशल घर वापसी सुनिश्चित करना राज्य सरकार और सभी संबंधित एजेंसियों की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी महत्वपूर्ण उद्देश्य की पूर्ति हेतु यह मॉक ड्रिल की गई। 

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आगामी चारधाम यात्रा के दौरान संभावित आपदाओं जैसे भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, या अन्य आपात स्थितियों में होने वाली जानमाल की क्षति को रोकना था। अभ्यास के दौरान विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक समय में सामना करने का अभ्यास किया गया। इसका एक प्रमुख लक्ष्य आपदा की स्थिति में पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य रेखीय विभागों के बीच त्वरित एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करना भी था।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *