चमोली खबर : गैरसैंण में व्यास गंगा के पास वर्कशॉप में लगी भीषण आग वर्कशॉप में खड़ी सभी गाड़ियां जलकर हुई खाक





गैरसैंण :
  नगर पंचायत गैरसैंण की सीमा पर स्थित व्यास गंगा के किनारे एक कार वर्कशॉप में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से वर्कशॉप के अंदर खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गई। हालांकि किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 

जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना बुधबार देर रात 3 बजे के आसपास की बताई जा रही है। आग लगने कि सूचना आगरचट्टी के ग्रामीणों ने गैराज मालिक मनोज नेगी के पिता त्रिलोक सिंह नेगी को दी। वहीं घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर बमुश्किल काबू पाया, लेकिन तब तक वर्कशॉप में खड़े सारे वाहन आग की चपेट में आ चुके थे। 

घटनास्थल पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने बताया कि देर रात उन्हें ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी प्राप्त हुई। जब तक मैं नगर पंचायत की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचा, तब तक वर्कशॉप पूरी तरह जल चुका था। इस दौरान गैरसैंण फायर ब्रिगेड व मेहलचोरी चौकी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जबतक वे आग पर काबू पाते तब तक वर्कशॉप के अंदर खड़ी सभी गाड़ियां जलकर खाक हो चुकी थी। लेकिन गनीमत ये रही कि इस अग्निकांड में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। 

आग लगने से वर्कशॉप को काफी नुकसान हुआ है। नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी द्वारा उपजिलाधिकारी गैरसैंण से वार्ता कर नुकसान का आकलन कर वर्कशॉप स्वामी को उचित मुआवजा देने की मांग की गई है। वहीं पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। 






Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *