राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को देखते हुए मतदाता सूचि की जारी यहां खोजें अपना नाम

देहरादून : राज्य निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि पंचायतों के सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है और इसे जनता की जानकारी के लिए आयोग के पोर्टल पर भी अपलोड कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मतदाता के नाम या अन्य विवरण में कोई त्रुटि रह गई है तो आयोग से स्वीकृति के उपरांत उसमें संशोधन किया जा सकता है। पंचायत चुनावों में भाग लेने वाले मतदाता आयोग के पोर्टल https://secvoter.uk.gov.in/ पर जाकर ‘पंचायत मतदाता खोजें’ लिंक पर क्लिक कर अपना नाम खोज सकते हैं। 

यह सुविधा उस अंतिम निर्वाचक नामावली के आधार पर दी जा रही है, जो आयोग द्वारा 17 जनवरी 2025 को घर-घर पुनरीक्षण के बाद प्रकाशित की गयी थी। इसमें वे सभी नाम शामिल हैं, जो पुनरीक्षण के दौरान दर्ज किये गये थे।

हालांकि, कुछ मतदाताओं के नाम कतिपय कारणों से उस समय सूची में सम्मिलित नहीं हो सके थे। ऐसे मामलों में आयोग ने 1 मार्च से 22 मार्च 2025  तक ग्राम स्तर पर वार्डवार बैठकों का आयोजन कर आवेदन लिये। संबंधित जनपदों द्वारा आयोग से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद ऐसे मतदाताओं के नाम भी पोर्टल पर खोजे जा सकेंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, इसके लिये समस्त जनपदों में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। फिर भी यदि किसी पात्र मतदाता का नाम अभी भी सूची में नहीं है, तो वह निकटवर्ती विकासखंड या तहसील कार्यालय में जाकर प्रपत्र-2 भरकर नाम जोड़ने या संशोधन के लिये आवेदन कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *