देहरादून : उत्तराखंड में कल रात से जारी मूसलाधार बारिश और बादल फटने से देहरादून के कई स्थानों में तबाही हुई है। सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। तेज़ बारिश के चलते करलिगाड़ नदी उफान पर आने से नदी किनारे बनी कई दुकानें बह गईं और दो होटल जमींदोज हो गए हैं। सहस्त्रधारा मुख्य बाजार में मलबा आने से दर्जनों वाहन दब गए और दुकानों एवं होटलों को भारी क्षति पहुंची है। एक शव मिलने की भी सूचना है।
वहीं टपकेश्वर और मालदेवता मंदिर पानी से डूब गए है जिससे काफी नुकसान हुआ है। सहस्त्रधारा में जामुनवाला स्थित एकादश मुखी हनुमान मंदिर को भारी नुकसान पहुंचा है। हवन कुंड और शनि मंदिर बह गए। यहां कुछ मजदूरों की बहने की सूचना मिली है। देहरादून-पौंटा राजमार्ग का पुल टूटा, यातायात पूरी तरह ठप। देहरादून- हरिद्वार हाईवे भी बह गया है जिससे वहां भी यातायात बाधित है।
आईटी पार्क के पास भारी मात्रा में मलबा आने से सॉन्ग नदी का जलस्तर बढ़ गया है इससे आईटी पार्क में भी पानी घुसने से खतरे की स्थिति पैदा हो गई है।
मुख्यमंत्री ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरिक्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के केसरवाला, मालदेवता में अतिवृष्टि से हुए जलभराव एवं भू-कटाव वाले क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से भेंट की। उन्होंने कहा आपदा की इस विकट स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। हम हर पीड़ित परिवार की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने और भूस्खलन की आशंका वाले मार्गों पर पर्यटकों के जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
मसूरी से देहरादून जाने वाले समस्त सम्पर्क मार्ग हुए क्षतिग्रस्त होने से यातायात ठप
- मसूरी-देहरादून मोटर मार्ग बंद है
- झड़ीपानी-चुनाखाला – देहरादून मार्ग बंद है
- मसूरी-किमाडी-देहरादून मार्ग बंद है
- मसूरी-यमुनापुल-विकासनगर मार्ग बंद है
- मसूरी-ऋषिकेश मार्ग बंद है
- मसूरी-उत्तरकाशी मार्ग बंद है
प्रशासन ने लोगों से कहा है कि कृपया करके वे अनावश्यक आवागमन ना करें। आपदा की इस घडी में आप मुश्किल परिस्थिति में हैं तो हेल्पलाइन नंबर 9897055999 पर संपर्क करें।
मौसम विज्ञान केंद्र ने किया येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।