गौचर मेला चमोली :  सत्यापन अभियान के दौरान लापरवाही बरतने वाले 20 व्यापारियों का हुआ चालान, 800 से अधिक बाहरी व्यक्तियों और व्यापारियों का हो चुका है सत्यापन





कर्णप्रयाग :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के स्पष्ट निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय देहरादून के आदेशानुसार सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एवं किसी भी अवांछित गतिविधि पर रोक लगाने के उद्देश्य से गौचर मेले में बाहरी व्यक्तियों व व्यापारियों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के दृष्टिगत  चमोली पुलिस ने 20 व्यापरियों द्वारा सत्यापन में लापरवाही बरतने पर चालानी कार्यवाही की है। 

जनपद चमोली में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग राकेश भट्ट के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं अभिसूचना इकाई चमोली की संयुक्त टीमों ने गौचर मेला क्षेत्र में व्यापक सत्यापन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने बाहरी व्यापारियों व व्यक्तियों से पहचान पत्र, दस्तावेज, पंजीकरण विवरण तथा गतिविधियों की गहन जांच की।




गौचर मेले में निरंतर जागरूकता अभियान चलाने और बार-बार अपील करने के बावजूद भी कुछ व्यापारियों द्वारा सत्यापन प्रक्रिया में लापरवाही बरती जा रही थी। सुरक्षा को लेकर इस उदासीनता पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान के दौरान में सत्यापन न कराने वाले 20 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की, जबकि 800 से अधिक बाहरी व्यक्तियों एवं व्यापारियों का सत्यापन किया जा चुका है।     

एसपी चमोली ने चौकी प्रभारी गौचर को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही करें तथा सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा गौचर मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और इसकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता। असामाजिक तत्वों, अपराधियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। किसी भी स्थिति में कानून व व्यवस्था के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। 

पुलिस ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएँ, ताकि सुरक्षित,अनुशासित एवं शांतिपूर्ण मेला वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *