चम्पावत : मंगलवार सुबह लोहाघाट ब्लॉक में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 1 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुँचाया और शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह डुंगरा बोरा निवासी मुकेश कुमार पुत्र फ़क़ीर राम अपनी वैगनआर कार संख्या UK03TA 2479 से लोहाघाट की ओर जा रहे थे। उनके साथ कार में श्रीमती मनीषा पुत्री श्री हजारी राम और विक्रम राम पुत्र सुरेश राम भी सवार थे। डुंगरा बोरा से कुछ ही दूरी पर उनकी कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार के गिरते ही वहां चीख पुकार मच गई। उनकी चीख सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी।
घटना की सूचना पर दुर्घटना स्थल पर पहुंची। खाई में गिरे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि घायल विक्रम राम को स्थानीय लोगों ने खाई से निकालकर सड़क तक ले आये थे। पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से रेस्क्यू कर मुकेश कुमार और श्रीमती मनीषा के शवों को खाई से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला अस्पताल भेजा गया है।