परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर को व्यवसायी ने अपने ऑफिस में किया कैद

उत्तराखंड : देहरादून में परिवहन इंस्पेक्टर को व्यवसायी ने किया कैद लगाया रिश्वत का आरोप

देहरादून : हर्रावाला क्षेत्र में एक परिवहन विभाग (RTO) के इंस्पेक्टर को ट्रैवल व्यवसायी ने करीब दो घंटे तक अपने ऑफिस में कथित रूप से कैद रखा। ट्रैवल व्यवसायी ने इंस्पेक्टर पर हर महीने रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाते हुए इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला चर्चा का विषय बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ़ नजर आ रहा है कि एक आरटीओ इंस्पेक्टर दुकान के अंदर बैठा हुआ है। लोगों का आरोप है कि वहां के ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से इंस्पेक्टर हर महीने रिश्वत लेता है। यह सिलसिला कई वर्षों से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को जब इंस्पेक्टर वसूली के लिए पहुंचा, तो लोगों ने उसे दुकान के अंदर बंद कर दिया और शटर गिरा दिया। व्यवसायी का आरोप है कि इंस्पेक्टर हर महीने 8,000 रुपये की रिश्वत लेने आता है। जबकि आरोपी इंस्पेक्टर ने रिश्वत के आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए दावा किया कि वह वहां लघुशौच के लिए गया था और व्यवसायी ने उसे रस मलाई खिलाने के बहाने बुलाकर अंदर बंद कर दिया। करीब दो घंटे बाद इंस्पेक्टर को शटर से बाहर निकाला गया। इसके बाद भी लोगों ने उसे जाने नहीं दिया।
इंस्पेक्टर से परेशान लोगों ने एक पोस्टर भी छपवाया, जिस पर लिखा था- “मैं देहरादून आरटीओ हूं, बिना पैसे लिए गाड़ियां नहीं चलने दूंगा”।
मामले पर तूल बढ़ता देख परिवहन सचिव ने इंस्पेक्टर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं और पूरे मामले की जांच कर सभी पहलुओं को जांचा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *