उत्तराखंड : गोपेश्वर में बेलगाम ट्रक का तांडव बैरिकेड्स तोड़े, कई गाड़ियां ठोकीं बाइक सवार युवक को कुचला युवक की मौके पर ही मौत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गोपेश्वर : जिला मुख्यालय गोपेश्वर के लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर मंगलवार देर रात एक तेज रफ़्तार ट्रक (संख्या Uk 14 CA 7227) ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक में बैठा युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक गवीलो गांव के पास से ही सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। रास्ते में पटियालधार पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक पुलिस के बैरिकेड्स को तोड़कर भागने के तुरंत बाद ही चालक ने लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर बाइक को अपनी चपेड़ में ले लिया।
मंगलवार रात करीब 11:30 बजे इस भयानक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक युवक ट्रक के नीचे इस कदर फंसा हुआ था कि उसे निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर पुलिस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मुकेश नेगी (पुत्र कलम सिंह) के रूप में हुई है, जो लॉ कॉलेज गोपेश्वर के पास का निवासी था।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच के निष्कर्षों के बाद ही हादसे असली कारणों का पता चल पायेगा।
स्थानीय जनता में भारी आक्रोश
वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में खनन सामग्री ढोने वाले भारी और तेज रफ्तार ट्रकों पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है। लोगों का आरोप है कि अगर पुलिस पटियालधार चौकी पर ही बैरिकेड्स तोड़ने वाले इस ट्रक को मुस्तैदी से रोक लेती, तो मासूम मुकेश की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने मांग की है कि ऐसे बेलगाम भारी वाहनों के खिलाफ भविष्य में सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाए।

