युवाओं के लिए खुशखबरी: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने निकाली कर एवं राजस्व निरीक्षक की वैकेंसी, आवेदन प्रक्रिया शुरू
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का एक शानदार अवसर सामने आया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक (Tax & Revenue Inspector) के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके साथ ही बुधवार से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
4 अगस्त तक करें आवेदन, 12 अगस्त से होंगे संसोधन
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन फॉर्म भरने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 04 अगस्त निर्धारित की गई है। यदि आवेदन पत्र में कोई त्रुटि होती है, तो अभ्यर्थी 12 अगस्त से 21 अगस्त के बीच ऑनलाइन संशोधन कर सकेंगे।
योग्यता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) की उपाधि धारक युवा आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय (Employment Exchange) में आवेदन की अंतिम तिथि तक पंजीकृत होना अनिवार्य है।
भर्ती के लिए आयु की गणना 1 जुलाई 2026 से की जाएगी। इस तिथि को उम्मीदवार की आयु 21 वर्ष से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
श्रेणीवार आवेदन
शुल्क सामान्य,ओबीसी और ईडब्ल्यूएस : ₹166.36
एससी और एसटी वर्ग : ₹76.36
दिव्यांग अभ्यर्थी : ₹16.36
नकल विरोधी कानून रहेगा कड़ाई से लागू
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि इस परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम व निवारण के उपाय) अधिनियम-2023 के सभी प्रावधान कड़ाई से लागू किए जाएंगे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश करने वालों पर इस सख्त कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

