उत्तराखंड की आरती धरियाल ने गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदकरोमानिया में चमकी उत्तराखंड की आरती धरियाल, गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदक

रोमानिया में चमकी उत्तराखंड की आरती धरियाल, गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदक

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पिथौरागढ़ : उत्तराखंड की होनहार मुक्केबाज आरती धरियाल ने अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट बॉक्सिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। रोमानिया में 12 जुलाई से आयोजित प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आरती ने मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट) के आधार पर पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

21 वर्षीय आरती धरियाल पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड के गौरीहाट गांव की निवासी हैं। वह वर्तमान में एलिट सीनियर कैंप, पटियाला में प्रशिक्षण ले रही हैं। आरती पिथौरागढ़ स्थित स्मॉल खेलो इंडिया बॉक्सिंग सेंटर की खिलाड़ी हैं और बॉक्सिंग कोच निखिल महर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

आरती के पिता उत्तम सिंह धरियाल ने बताया कि बचपन से ही मुक्केबाजी उनकी पहली पसंद रही है। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई 2026 को आरती का चयन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में हुआ, जिसके बाद उन्होंने बीएसएफ जॉइन कर ली है।

आरती ने हाईस्कूल की शिक्षा विश्व भारती पब्लिक स्कूल, वड्डा तथा इंटरमीडिएट हिमालया पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ से प्राप्त की। इससे पहले वह यूथ नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2021 और खेलो इंडिया-2022 में रजत पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा एलिट नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2025 और 2026 में कांस्य पदक भी अपने नाम कर चुकी हैं।

आरती की इस उपलब्धि पर पूरे पिथौरागढ़ जिले में खुशी का माहौल है। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जगदीश नेगी, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, अरुण बंग्याल, बॉक्सिंग कोच निखिल महर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जगत सिंह महरा सहित ओलंपिक संघ, बॉक्सिंग संघ, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले और प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

तीन दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय पदक

पिथौरागढ़ की महिला मुक्केबाज इन दिनों अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। बीते तीन दिनों में जिले की तीन महिला बॉक्सरों ने भारत के लिए तीन अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं। 15 जुलाई को जकार्ता में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने रजत पदक जीते थे। वहीं अब आरती धरियाल ने रोमानिया के गोल्डन बेल्ट इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतकर इस उपलब्धि में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।