चमोली के बमोथ गांव में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में स्थानीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के राजकीयकरण एवं उच्चीकरण की मांग करते ग्रामीणचमोली खबर : विद्यालय का राजकीयकरण व उच्चीकरण नहीं हुआ तो चुनाव बहिष्कार करेंगे ग्रामीण

चमोली खबर : विद्यालय का राजकीयकरण व उच्चीकरण नहीं हुआ तो चुनाव बहिष्कार करेंगे ग्रामीण

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गौचर : विकासखंड पोखरी के अंतर्गत ग्राम सभा बमोथ के ग्रामीणों ने अशासकीय सहायता प्राप्त जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमोथ का राजकीयकरण एवं उच्चीकरण नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया।

पंचायत भवन बमोथ में ग्राम प्रधान श्रीमती रूचि देवी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 1977 में क्षेत्र के लोगों ने बच्चों की शिक्षा के लिए जूनियर हाईस्कूल की स्थापना की थी, जिसे वर्ष 1999 में हाईस्कूल स्तर तक उच्चीकृत किया गया। इसके बावजूद 26 वर्ष बीत जाने के बाद भी विद्यालय का राजकीयकरण और उच्चीकरण नहीं हो सका है। इससे विद्यालय के छात्र-छात्राएं सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली अनेक सुविधाओं से वंचित हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत और क्षेत्रीय जनता लंबे समय से शासन, प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से विद्यालय के प्रांतीयकरण और उच्चीकरण की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।

बैठक में बमोथ-जलेश्वर महादेव मोटर मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 12 वर्ष पूर्व इस सड़क को कर्णप्रयाग से जोड़ने के लिए स्वीकृति मिली थी। वन विभाग द्वारा मार्ग में आने वाले पेड़ों का कटान भी कर दिया गया, लेकिन इसके बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया।

ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि विद्यालय और मोटर मार्ग से जुड़ी मांगों को लेकर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल प्रशासन से मुलाकात करेगा। यदि इसके बाद भी वर्षों से लंबित मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो ग्राम सभा आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को बाध्य होगी।

बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम ठाकुर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप लखेड़ा, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रबंधक संजय लखेड़ा, पूर्व प्रबंधक मदन मोहन भट्ट, अरविंद गैरोला, बृजमोहन भट्ट, चक्रधर चमोला, चंडी प्रसाद पंत, धीरेन्द्र नेगी, नागेन्द्र सिंह नेगी, राजेश्वर प्रसाद सिलोड़ा, मदन लाल सहित युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।