चमोली खबर : पहाड़ी टूटने से कर्णप्रयाग-सिमली हाईवे ठप, नारायणबगड़ के थरालीबगड़ बाजार में घुसा मलबा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कर्णप्रयाग : उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण चमोली जिले में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे गंभीर स्थिति कर्णप्रयाग और नारायणबगड़ क्षेत्र में बनी हुई है, जहां भूस्खलन और पहाड़ी से आए मलबे के कारण भारी तबाही हुई है।
पहाड़ी टूटने से कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पूरी तरह ठप
कर्णप्रयाग-गैरसैंण-अस्कोट मार्ग (NH 109) पर रविवार रात को कर्णप्रयाग-सिमली के बीच पंचपुलिया के पास पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा है। जिससे यातायात पूरी तरह ठप है। सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीमें जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ मौके पर तैनात हैं। लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण मलबा हटाने के काम में बार-बार रुकावट आ रही है।
नारायणबगड़ बाजार में दोबारा घुसा मलबा, दुकानों को भारी नुकसान
वहीं पिंडर घाटी के नारायणबगड़ क्षेत्र में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहां थरालीबगड़ बाजार में पहाड़ी से बहकर आए मलबे और पानी ने भारी तबाही मचाई है। थरालीबगड़ बाजार की कई दुकानों के अंदर कई फीट तक कीचड़ और मलबा भर गया है, जिससे व्यापारियों का लाखों का सामान बर्बाद हो गया है। मलबे से सरकारी राशन गोदाम को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। यही नहीं नारायणबगड़ मुख्य अस्पताल और जीत सिंह मार्केट के सामने हाईवे पर मलबा जमा होने से पानी का निकास बंद हो गया है। इसके चलते मुख्य बाजार टापू में तब्दील हो चुका है।
बिजली गुल और संचार सेवाएं प्रभावित
इस आपदा का असर बुनियादी सुविधाओं पर भी पड़ा है। कर्णप्रयाग, सिमली और नारायणबगड़ के कई इलाकों में रविवार रात से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। मलबे के कारण बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे संचार सेवाएं (मोबाइल नेटवर्क) भी रुक-रुक कर काम कर रही हैं।चमोली जिला प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों व स्थानीय लोगों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी कर कहा कि पिंडर घाटी और सिमली मार्ग की ओर अनावश्यक यात्रा बिल्कुल न करें। नदी किनारे रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। आपातकालीन स्थिति में केवल प्रशासन द्वारा प्रमाणित सुरक्षित ग्रामीण लिंक मार्गों का ही प्रयोग करें।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा चमोली सहित उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट और अचानक बाढ़ (Flash Flood) की चेतावनी जारी की गई है।

