मैखुरा गांव की महिलाओं ने गांव में पूर्ण रूप से शराबबंदी लागू करने का संकल्प लियाचमोली खबर : मैखुरा गांव में पूर्ण शराबबंदी का फैसला, महिला मंगल दल का गठन

चमोली खबर : मैखुरा गांव में पूर्ण शराबबंदी का फैसला, महिला मंगल दल का गठन

कर्णप्रयाग : विकासखंड के मैखुरा गांव में आयोजित खुली बैठक में ग्रामीणों ने गांव को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए शराबबंदी लागू करने का संकल्प लिया। इस उद्देश्य से महिला मंगल दल का गठन किया गया, जिसमें सीमा देवी को अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ग्राम प्रधान हेमंती देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब परोसने या उसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ महिला मंगल दल कड़ी कार्रवाई करेगा। बैठक में ग्रामीणों ने गांव में संचालित विकास कार्यों पर भी चर्चा की। इसमें पंपिंग पेयजल योजना, जयकंडी-मैखुरा मोटर मार्ग और मोबाइल टॉवर सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में महिलाओं ने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सभी ग्रामीणों का सहयोग आवश्यक है। इसके बाद उपस्थित महिलाओं ने सामूहिक रूप से शराबबंदी की शपथ ली।

महिला मंगल दल के गठन में कांति देवी को उपाध्यक्ष, दीपा देवी को सचिव तथा प्रेमलता देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया।

इस अवसर पर उपप्रधान भगवती प्रसाद मैखुरी, देवी प्रसाद मैखुरी, महेंद्र प्रसाद डिमरी, प्रकाश चंद्र मैखुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहे।