बहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार, डीएम ने पुनर्वास में तेजी के दिए निर्देशबहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार, डीएम ने पुनर्वास में तेजी के दिए निर्देश

बहुगुणानगर के 35 से अधिक परिवार विस्थापन को तैयार, डीएम ने पुनर्वास में तेजी के दिए निर्देश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कर्णप्रयाग : आपदा प्रभावित बहुगुणानगर और सुभाषनगर क्षेत्र में विस्थापन और पुनर्वास की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने तेजी शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भवनों की स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान आयोजित बैठक में 35 से अधिक प्रभावित परिवारों ने स्वेच्छा से विस्थापन के लिए सहमति जताई।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल को विस्थापन से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत आख्या एक दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार बहुगुणानगर में 38 परिवारों के 39 भवन प्रभावित हैं। इनमें से चार परिवारों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से पहले ही विस्थापन के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग की ओर से करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे सुरक्षा एवं उपचार कार्यों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में माइक्रो पाइल, सेल्फ ड्रिलिंग एंकर, छह मीटर ऊंची और करीब 150 मीटर लंबी आरसीसी सुरक्षा दीवार तथा ओपन चैनल समेत विभिन्न सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को क्षेत्र में बंद पड़े सभी स्क्रबर तत्काल खोलने तथा वर्षाजल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए। साथ ही ऐसे परिवारों का सत्यापन कर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिन्हें तत्काल स्थानांतरित किए जाने की आवश्यकता है।

इससे पूर्व तहसील सभागार कर्णप्रयाग में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को भवनों के मूल्यांकन के आधार पर प्रस्तावित मुआवजा राशि की जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित परिवारों को पुनर्वास प्रक्रिया की रूपरेखा समझाते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का भरोसा दिलाया।

बैठक एवं स्थलीय निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, सिंचाई विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, राजस्व विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रभावित परिवार मौजूद रहे।