रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर अगस्त्यमुनि में जलभराव, बोल्डर से कार दबी, स्कूल बंदरुद्रप्रयाग में बारिश का कहर, अगस्त्यमुनि में जलभराव, बोल्डर से कार दबी, स्कूल बंद; अलकनंदा-मंदाकिनी चेतावनी स्तर से ऊपर

रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर: अगस्त्यमुनि में जलभराव, बोल्डर से कार दबी, स्कूल बंद; अलकनंदा-मंदाकिनी चेतावनी स्तर से ऊपर

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रुद्रप्रयाग : जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अगस्त्यमुनि क्षेत्र में जलभराव, भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाओं से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में पानी घुस गया है, एक कार बोल्डर की चपेट में आकर दब गई, जबकि स्कूल परिसर में पानी भरने के कारण अवकाश घोषित करना पड़ा। उधर, लगातार बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है। जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 17 सड़कें भी बाधित हैं।

अगस्त्यमुनि पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर गिरने से वहां खड़ी एक कार पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जलभराव से स्कूल में अवकाश घोषित

नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के बसंत विहार, एसबीआई कॉलोनी और खंड विकास कार्यालय के पीछे स्थित क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। कई घरों और आंगनों में पानी घुस गया, जबकि कई संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए। लगातार बारिश के कारण चिल्ड्रन एकेडमी इंटरमीडिएट कॉलेज जाने वाले मार्ग पर भी पानी भर गया। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में समुचित ड्रेनेज व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है।

बारिश के चलते सिल्ली के पास पहाड़ी से मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बंद हो गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है।

अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का बढ़ा जलस्तर नदी किनारे रहें वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह सात बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.80 मीटर दर्ज किया गया, जो 626.00 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर है। वहीं मंदाकिनी नदी का जलस्तर 625.50 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो 625.00 मीटर के चेतावनी स्तर से अधिक है। हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं, लेकिन प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी तटों से दूर रहने की अपील की है।

पिछले 24 घंटों में रुद्रप्रयाग में 10 मिमी, ऊखीमठ में 37.50 मिमी तथा जखोली में 12 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है।

बारिश से जिले की 17 सड़कें प्रभावित

बारिश के कारण जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, सात राज्य मार्ग, चार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मार्ग, चार पीएमजीएसवाई मार्ग और एक एनपीसीसी मार्ग सहित कुल 17 सड़कें प्रभावित हैं। प्रशासन ने बताया कि सभी बाधित मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए मशीनें और टीमें मौके पर तैनात हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।