शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर गदरपुर पहुंचे सीएम धामी, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, देवभूमि के विकास में सिख समाज के योगदान को सराहा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गदरपुर : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कम्बोज धर्मशाला, गदरपुर में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कम्बोज धर्मशाला में आयोजित अखंड पाठ में भी प्रतिभाग किया। इसके पश्चात उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
वीरता और पवित्रता का अद्भुत संगम है यह समागम: मुख्यमंत्री
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु साहिब और अमर शहीद ऊधम सिंह के चरणों में नमन किया। उन्होंने कहा कि आज का यह समागम वीरता और पवित्रता का एक अद्भुत संगम है। मुख्यमंत्री ने कहा, “जब भी हम अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, अटूट साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं, तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। अमर शहीद ऊधम सिंह का जीवन हमें साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देता है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना का संचार करता है तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
जलियांवाला बाग का अन्याय और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की प्रेरणा
इतिहास के पन्नों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और काला अध्याय था। शहीद ऊधम सिंह ने उस भयानक अन्याय का डटकर प्रतिकार किया और पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की यह प्रेरणा हमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं। ये शिक्षाएं पूरे राष्ट्र को प्रेरित करने वाली हैं।
देवभूमि के विकास में सिख समाज का बड़ा योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास में सिख समाज का बहुत ही महत्वपूर्ण और अनुकरणीय योगदान रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को सदैव अपने हृदय में जीवित रखें तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम में यह गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस गरिमामयी अवसर पर शासन के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से प्रभारी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा, विधायक श्री अरविन्द पाण्डेय, श्री शिव अरोरा और श्री त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कमल जिंदल, श्री मनोज पाल, मेयर श्री विकास शर्मा और श्री दीपक बाली, दायित्वधारी श्री अनिल कपूर डब्बू एवं अन्य गणमान्य नागरिक तथा स्थानीय लोग।

