बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का चोरी हुआ करीब 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट बरामद कराने के बाद गिरफ्तार आरोपी के साथ चमोली पुलिस की टीमउत्तराखंड : बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का 5 लाख का स्वर्ण मुकुट चुराने वाला गिरफ्तार, चमोली पुलिस ने 48 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा

उत्तराखंड : बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का ₹5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाला शातिर अभियुक्त चमोली पुलिस की गिरफ्त में, मुकुट व नकदी बरामद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चमोली : उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का करीब 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट चोरी करने वाले शातिर अभियुक्त को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, नकदी और घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले का पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर खुलासा कर श्रद्धालुओं में विश्वास कायम किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल के ब्रह्मचारी भगवत दास ने थाना कोतवाली बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में भजन-कीर्तन के लिए शरण लेने वाले साधु राघवदास ने 24 जुलाई 2026 की रात आश्रम स्थित मंदिर से भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना बद्रीनाथ में मु0अ0सं0 08/2026 के तहत धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसपी ने तत्काल गठित की विशेष टीम

धार्मिक स्थल से भगवान नारायण के मुकुट की चोरी को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया। उन्होंने इसे केवल चोरी नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा मामला बताते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी और मुकुट की सकुशल बरामदगी के लिए तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया।

एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने बिना समय गंवाए तकनीकी एवं मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन छानबीन की गई, संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, संदिग्धों से पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी गई।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी

इसी क्रम में 29 जुलाई 2026 को विवेचक अपर उपनिरीक्षक भूपेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचट्टी रोड) के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे अभियुक्त राघवराम पाठक उर्फ राघवदास (57 वर्ष) पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

मुकुट, नकदी और बैग बरामद

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मणि जड़ित मुकुट तथा आश्रम में ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट, चोरी की गई नकदी में से 4,500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की बढ़ोतरी कर दी है। आरोपी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

  • अ0उ0नि0 भूपेंद्र प्रसाद (विवेचक)
  • हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नगरकोटी
  • कांस्टेबल विकास जुयाल

विशेष पुलिस टीम

कांस्टेबल शीशपाल सिंह

कांस्टेबल आशुतोष तिवारी

कांस्टेबल राजेंद्र रावत

कांस्टेबल गौरव रावत

You missed