रुद्रप्रयाग में बारिश का कहर: उफान पर अलकनंदा-मंदाकिनी, शिव प्रतिमा गले तक डूबी, हाई अलर्ट जारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और केदारनाथ घाटी में पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां उफान पर हैं और दोनों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे इलाकों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
भगवान शिव की प्रतिमा गले तक पानी में डूबी
बारिश के कारण बेलनी पुल के समीप नदी तट पर स्थापित भगवान शिव की लगभग 15 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा गले तक पानी में डूब गई है। वहीं रुद्रप्रयाग के प्रमुख स्नान घाट और नमामि गंगे परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। वाल्मीकि बस्ती को मुख्य शहर से जोड़ने वाला पैदल पुल भी तेज बहाव के कारण पानी में डूब गया, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
लगातार बारिश से NH-107 कई स्थानों पर बंद
लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ियों से मलबा गिरने का सिलसिला भी जारी है। भूस्खलन के कारण केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107) कई स्थानों पर बंद हो गया है, जिससे यात्रा और राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन की टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सड़कें खोलने का कार्य जारी है।
प्रशासन ने सुरक्षित स्थानों पर जाने के दिए निर्देश
मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी पर्वतीय क्षेत्रों में अगले कुछ समय तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

