एवरेस्ट विजेता राहुल नेगीचमोली खबर : एवेरेस्ट विजेता राहुल नेगी का गृह क्षेत्र पोखरी में भव्य स्वागत

चमोली खबर : एवरेस्ट विजेता राहुल नेगी का गृह क्षेत्र पोखरी में भव्य स्वागत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पोखरी : विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले भारतीय सेना की 9 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) के जांबाज पर्वतारोही राहुल नेगी का अपने गृह क्षेत्र पहुंचने पर जोरदार अभिनंदन किया गया। एवरेस्ट अभियान की ऐतिहासिक सफलता के बाद पहली बार पोखरी विकासखंड के सैरा मालकोटी पहुंचे राहुल का क्षेत्रवासियों ने गर्मजोशी और भारी उत्साह के साथ स्वागत किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने राहुल नेगी को फूल-मालाओं से लाद दिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों ढोल-दमाऊं की थाप और स्थानीय गीतों के साथ पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखा गया। क्षेत्रवासियों ने राहुल की इस अभूतपूर्व उपलब्धि को न केवल चमोली जिला, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण बताया।

जनप्रतिनिधियों ने जताया गर्व


कार्यक्रम में पहुंचे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने राहुल नेगी की पीठ थपथपाई। पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रीति देवी ने कहा, “राहुल ने बेहद सीमित संसाधनों के बावजूद दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा फहराकर हमारे पोखरी क्षेत्र का नाम वैश्विक पटल पर चमका दिया है। उनकी यह सफलता यहां के हर युवा को प्रेरित करेगी।” वहीं, पूर्व विधायक राजेंद्र भंडारी ने अपने वक्तव्य में कहा, “राहुल नेगी ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि पहाड़ के युवाओं का हौसला पहाड़ों से भी ऊंचा है। प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”

राहुल नेगी ने जताया आभार


अपनी इस सफलता पर आभार जताते हुए राहुल नेगी ने कहा कि यह कामयाबी सिर्फ उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है। यह पूरे उत्तराखंड और उनके क्षेत्र के लोगों की प्रेरणा, अटूट विश्वास और आशीर्वाद का प्रतिफल है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अगर कठिन परिश्रम, कड़ा अनुशासन और दृढ़ संकल्प रखा जाए, तो दुनिया का कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।