कर्णप्रयाग : चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा के अंतर्गत गौचर में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण का मंगलवार को विधायक अनिल नौटियाल द्वारा भूमि पूजन किया गया। इस परियोजना के तहत स्थानीय युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण के लिए एक सशक्त मंच प्राप्त होगा। जिससे स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गौचर मेले में स्टेडियम निर्माण की घोषणा की गई थी।
क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं का होगा विकास
इस अवसर पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि यह मिनी स्टेडियम क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाओं के विकास हेतु आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल है, जो भविष्य में अनेक स्थानीय खिलाडियों के सपनों को नई उड़ान प्रदान करेगा।
विधायक ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और युवा सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित होने की बात कही। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्य की सराहना करते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयासों और पहल से गौचर को यह महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिससे खेल संस्कृति को नै मजबूती मिलेगी और भविष्य में राष्ट्रिय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन खिलाडी तैयार होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। विधायक नौटियाल ने मुख्यमंत्री धामी और खेल मंत्री रेखा आर्य का आभार जताया।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के चमोली जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती पवित्रा बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी द्विवेदी जी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, सभी वार्डों के सम्मानित सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

