उत्तराखंड : पहली ही बारिश में धंसा 16 करोड़ का नया पुल, उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!देहरादून : उत्तराखंड में मानसून के फिर सक्रिय होते ही जनजीवन प्रभावित होने लगा है। देहरादून के नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही तेज बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। पुल का एक बड़ा हिस्सा धंसने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। हाल ही में तैयार हुए इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
उधर, देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड क्षेत्र में भी भारी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। भूस्खलन संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में 2 अगस्त तक बारिश का यही दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

