पौड़ी : उत्तराखंड वनाग्नि और जंगली जानवरों के हमलों से उभर नहीं पा रहा है। इनकी वजह से अनेकों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और बाकी भय के साये में जी रहे हैं। ताजा मामला जिला मुख्यालय पौड़ी के खांड्यूसैण क्षेत्र का है। यहां आज गुलदार ने एक 60 वर्षीय महिला पर हमला कर अपना निवाला बना लिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घात लगाए बैठा था गुलदार
जानकारी के अनुसार खांड्यूसैण क्षेत्र के देवार बडियूं गाँव की 60 वर्षीय प्रभा देवी पत्नी मातवर सिंह घर के पास ही जंगल में चारा पानी लेने गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उनपर हमला कर अपना निवाला बना लिया ।
महिला का सिर धड़ से किया अलग
शिकार के बाद गुलदार महिला के शव को घसीटकर खंडहर के अंदर ले गया. गुलदार ने महिला के सिर को धड़ से अलग कर दिया था। महिला की चीख पुकार सुनकर घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन को तत्काल घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान ग्रामीणों का उन्हें भारी रोष भी झेलना पड़ा।
ग्रामीणों में आक्रोश
इस दर्दनाक घटना से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ था, लेकिन विभाग ने समय रहते कदम नहीं उठाए। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल इस गुलदार को ‘आदमखोर’ घोषित करने और उसे पकड़ने या मारने की मांग की है। उनका कहना है कि अब गांवों में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

