उत्तराखंड आइडल 2026 : उत्तराखंड की छिपी हुई गायन और नृत्य प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें एक बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजधानी देहरादून में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आरएस मीडिया (RS Media) एवं देवभूमि इम्पैक्ट फाउंडेशन (Devbhoomi Impact Foundation) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्तराखंड आइडल 2026 (UTTARAKHAND IDOL 2026) एवं ‘डांस के धुरंधर’ (DANCE KE DHURANDAR) प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड के कोने-कोने से आए उभरते हुए कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतिष्ठित हस्तियों और प्रवासियों के बीच सजी सुर-ताल की महफिल
इस गौरवमयी सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के प्रवासी परिषद के माननीय दर्जा राज्य मंत्री श्री पी.सी. नैनवाल जी उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर कई अन्य गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ कलाकार और संगीत-नृत्य जगत से जुड़े अनुभवी निर्णायक मंडल (जजेस) मौजूद रहे।
मंच पर जैसे ही प्रतियोगियों ने अपनी प्रस्तुतियां शुरू कीं, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उत्तराखंड आइडल (UTTARAKHAND IDOL) के मंच पर गायकों ने पारंपरिक लोक गीतों से लेकर आधुनिक बॉलीवुड गानों की ऐसी तान छेड़ी कि लोग झूमने पर मजबूर हो गए। वहीं, ‘डांस के धुरंधर’ के मंच पर युवाओं ने शास्त्रीय, वेस्टर्न और पहाड़ी लोक नृत्यों का ऐसा फ्यूजन पेश किया, जिसने देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
दूरस्थ क्षेत्रों के गांवों और कस्बों की प्रतिभाओं को आगे लाना मुख्य लक्ष्य
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक चंदन सिंह ने इस आयोजन की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए इसके उद्देश्य को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड के केवल बड़े शहरों में ही नहीं, बल्कि हमारे पहाड़ों, गांवों और सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में भी अद्भुत प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। सही मार्गदर्शन और मंच न मिलने के कारण कई बार ये युवा आगे नहीं बढ़ पाते।
उत्तराखंड आइडल (UTTARAKHAND IDOL) और ‘डांस के धुरंधर’ का मुख्य मकसद इन्हीं प्रतिभाओं को खोजकर निकालना और उन्हें एक ऐसा राष्ट्रीय स्तर का मंच देना है, जहां से वे अपनी पहचान बना सकें और जीवन में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त कर सकें।”
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकार हुए सम्मानित
दिनभर चले इस कड़े मुकाबले में निर्णायक मंडल ने बेहद सूक्ष्मता से सभी प्रतिभागियों की गायकी, सुर-ताल, डांस मूव्स, एक्सप्रेशंस और स्टेज प्रेजेंस का मूल्यांकन किया। कड़े कॉम्पिटिशन के बाद उत्कृष्ट और शानदार प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि और आयोजकों द्वारा ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और विशेष सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। जजेस उने उत्तराखंड आइडल 2026 के सभी प्रतिभागियों की पीठ थपथपाई और उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए।
आयोजक चंदन सिंह ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए सभी मुख्य अतिथियों, निष्पक्ष निर्णय देने वाले निर्णायक मंडल, ऊर्जावान प्रतिभागियों, उनके अभिभावकों और दिन-रात मेहनत करने वाली पूरी मैनेजमेंट टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।
अब हल्द्वानी की बारी: 13 सितंबर 2026 को होगा अगला बड़ा ऑडिशन
देहरादून में मिली अपार सफलता के बाद आयोजकों ने साफ कर दिया है कि प्रतिभाओं को खोजने का यह सफर यहीं थमने वाला नहीं है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि राज्य का कोई भी प्रतिभावान युवा अछूता न रहे। इसी कड़ी में आयोजक चंदन सिंह ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि उत्तराखंड आइडल 2026 (UTTARAKHAND IDOL) और ‘डांस के धुरंधर’ का अगला भव्य ऑडिशन 13 सितंबर 2026 को कुमाऊं के द्वार हल्द्वानी में आयोजित होने जा रहा है।
उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली गायकों, संगीतकारों और डांसर्स से अपील की है कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के इस सुनहरे मौके का फायदा उठाएं। चंदन सिंह ने युवाओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि 13 सितंबर को हल्द्वानी ऑडिशन में भारी से भारी संख्या में पहुंचकर अपनी कला का प्रदर्शन करें और अपने सपनों को उड़ान देने के लिए इस बड़े मंच का हिस्सा बनें।
