चमोली खबर : यूथ फिजिकल एकेडमी कर्णप्रयाग ने फहराया परचम 83 में से 68 युवाओं का भारतीय सेना में हुआ फाइनल चयन
कर्णप्रयाग : उत्तराखंड के कर्णप्रयाग स्थित यूथ फिजिकल एकेडमी ने अपनी कड़ी मेहनत से एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त 83 में से 68 युवाओं का भारतीय सेना में फाइनल चयन हुआ है। चमोली जिले के साथ साथ पूरे प्रदेश के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है। कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने सभी चयनित युवाओं और ट्रेनर अनिल फौजी की सफलता पर उन्हें बधाई दी और उनका सम्मान किया।
विधायक नौटियाल ने कहा यूथ फिजिकल एकेडमी कर्णप्रयाग के संस्थापक भाई अनिल नेगी फौजी जी के उत्कृष्ट मार्गदर्शन, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम से प्रशिक्षित होकर क्षेत्र के 68 युवाओं का भारतीय सेना में चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उत्तराखंड और विशेष रूप से गढ़वाल क्षेत्र के युवाओं के अदभ्य साहस, शारीरिक क्षमता और का राष्ट्र सेवा के प्रति उनके जूनून एवं प्रेम को दर्शाता है। यह उपलब्धि क्षेत्र को गौरवान्वित करने वाला प्रेरणादायक क्षण भी है।
भाई अनिल फौजी जी को इस अद्भुत सफलता हेतु समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। साथ ही सेना में चयनित सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल जीवन की मंगलकामनाएं।
युवाओं की कड़ी मेहनत का परिणाम
यूथ फिजिकल एकेडमी के संचालक अनिल फौजी ने कहा कि यह सफलता सभी युवाओं की दिनरात की मेहनत कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों की सफलता ने मेरा सर गर्व से ऊँचा कर दिया।
अभिभावकों का जताया आभार
सेना से रिटायर होने के बाद मेरा सपना था कि अपने क्षेत्र के बच्चों को सेना में देख सकूं। मुझे आज गर्व हैं कि सभी अभिभावकों के मानकों पर खरा उतरकर उनके और उनके बच्चों के सपने को साकार करने में अपनी भूमिका बखूबी निभा सका। यूथ अकेडमी के संचालक अनिल फौजी ने उनपर विश्वास जताने के लिए सभी अभिभावकों का ह्रदय से आभार किया। उन्होंने कहा अभिभावकों का सहयोग और विश्वास ही इस सफलता की सबसे बड़ी ताकत है।

