मृतक शिक्षक के तबादला प्रकरण पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दिए जांच के आदेश 

देहरादून : कुछ दिन पहले जनपद रूद्रप्रयाग  में प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत तबादलों में अनियमितताओं के चलते मृतक शिक्षक का तबादला किये जाने पर प्रदेश के  शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने सख्त कदम उठाए हैं। सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों पर चल रही खबरों पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा मंत्री ने  इस प्रकरण को घोर लापरवाही मानते हुए महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा को मामले से संबंधित अधिकारीयों के विरुद्ध  सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। 

शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने मीडिया को बताया कि मेरे संज्ञान में जनपद रूद्रप्रयाग में वार्षिक स्थानांतरण 2022-23 के तहत एक मृतक शिक्षक के तबादले का प्रकरण सामने आया है जिसमे प्रकरण से जुड़े विभागीय अधिकारियों की अपने कार्य एवं दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही प्रतीत होती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरे द्वारा महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बंशीधर तिवारी को तत्काल विभागीय समिति गठित कर तीन दिन के भीतर जांच कराने के साथ ही लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे दिए गये हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक की मौत के चार साल बाद तबादला किया जाना जिम्मेदार अधिकारियों की भारी लापवाही को दर्शाता है जो कि बिलकुल भी बर्दाश्त किए जाने योग्य नहीं है। डॉ. रावत ने कहा इस प्रकरण की जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जायेगी और जांच में जो भी दोषी पाये जायेंगे उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्थानांतरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *