कर्णप्रयाग : 
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय थराली शिक्षा विभाग की अनदेखी के चलते पिछले दो सप्ताह से बंद पड़ा है। ऐसे में नौनिहालों की पढाई का भारी नुकसान हो रहा है जिससे अभिभावक चिंतित हैं। 

बता दें कि राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय थराली के पास भूस्खलन और पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु विद्यालय को दो सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया था। परन्तु दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी विद्यालय को अभी तक खोला नहीं गया है। इस मामले में शिक्षा विभाग एवं सम्बंधित अधिकारी भी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। 




विद्यार्थियों के अभिभावकों का कहना है कि हमारे बच्चे दो सप्ताह से घर में हैं ऐसे में उनकी पढाई पर असर पड़ रहा है। शिक्षा विभाग के इस गैरज़िम्मेदारा रवैये से बच्चों का भविष्य चौपट हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल को वैकल्पिक स्थान पर भी चलाया जा सकता है और इसके लिए विद्यालय के पास ही एक सुरक्षित भवन भी मौजूद है। लेकिन इस पर विद्यालय और विभाग की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। हालांकि शिक्षक प्रतिदिन स्कूल पहुंच रहे हैं किंतु बच्चों को घर पर बैठाया हुआ है। 

उप खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श का कहना है कि विद्यालय परिसर में अभिभावकों के साथ मीटिंग के बाद ही कोई उचित निर्णय लिया जाएगा। 

वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला ने कहा कि मेरे संज्ञान में यह मामला पहले नहीं आया था। अभी उपखण्ड शिक्षा अधिकारी से बात नहीं हो पा रही  है जैसे ही उनसे बात होगी ये समस्या हल हो जाएगी। 

इस मामले में अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की पढाई में कोई व्यवधान न आये इसके लिए हम लगातार विद्यालय के चक्कर काट रहे हैं और समस्या के हल के लिए विद्यालय के शिक्षकों व उप खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श से बातचीत कर रहे हैं लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा है। अभिभावकों ने कहा कि हमने मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी को भी की है। 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *