गौचर मेला 2023


GAUCHAR MELA 2023 :  जनपद चमोली के विश्व प्रसिद्ध सात दिवसीय राजकीय औद्यौगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा शुभारंभ किया गया। जनपद आगमन पर गौचर हवाई पट्टी में जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना एवं पुलिस अधीक्षक चमोली रेखा यादव ने उनकी अगवाई की। 





ऐतिहासिक गौचर मेला मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सन 1943 से शुरू हुआ गौचर मेला अब तक हर वर्ष होता आ रहा है। यह मेला संस्कृति, बाजार तथा उद्योग तीनों के समन्वय के कारण उत्तराखंड व विश्व में प्रसिद्ध एवं लोकप्रिय है। गौचर मेला उत्तराखंड की विशिष्ट एवं बहुआयामी संस्कृति को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकार को बनाए रखने के आधार हैं। हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिले लोकपर्व की इस परंपरा को अगली पीढ़ियों तक बढ़ाने की जरूरत है। 


सात दिवसीय गौचर मेले में उच्च स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जायेगा। सीएम धामी ने गौचर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के उच्चीकरण किए जाने की घोषणा भी की ।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजपाल सिंह बिष्ट को गोविंद प्रसाद नौटियाल पत्रकार सम्मान व विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान उत्तराखंड को पंडित महेशानंद नौटियाल शिक्षा व साहित्य प्रसार सम्मान से सम्मानित भी किया।




कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और मेला उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू बिष्ट ने मेले का शुभारंभ करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अभिनंदन व हार्दिक स्वागत किया। विधायक अनिल नौटियाल ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके निदान के लिए मांगपत्र भी सौंपा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय टम्टा कर्णप्रयाग विधायक अनिल नोटियाल, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपालराम टम्टा, राज्यमंत्री रमेश गड़िया, पूर्व विधायक मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, आईटीबीपी सैनानी हफीजुल्ला सिद्दीकी, नगरपालिका अध्यक्ष अंजू बिष्ट, कर्णप्रयाग नगरपालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, भुवन चंद नौटियाल, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन सहित कई लोग मौजूद रहे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *